मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार में आयोजित 7वें सीआईआई उत्तराखण्ड इंडस्ट्रियल समिट एंड एक्सपो-2026 में प्रतिभाग किया
Kuldeep Khandelwal/ Niti Sharma/ Kaviraj Singh Chauhan/ Vineet Dhiman/ Anirudh vashisth/ Mashruf Raja / Anju Sandi
प्रदेश में 29 हजार से अधिक नई एमएसएमई इकाइयां स्थापित, 1.27 लाख युवाओं को मिला रोजगार
सीआईआई इंडस्ट्रियल समिट में बोले मुख्यमंत्री, उद्योगों के लिए नियामक नहीं, सहयोगी की भूमिका में सरकार
हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड सरकार उद्योगों के लिए केवल नियामक की भूमिका में नहीं, बल्कि सहयोगी और सहभागी के रूप में काम कर रही है। सरकार का लक्ष्य प्रदेश में उद्योगों के लिए सुरक्षित, पारदर्शी और सरल व्यवस्था उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि राज्य में उद्योग अनुकूल नीतियों के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। पिछले कुछ वर्षों में प्रदेश में 29 हजार से अधिक नई एमएसएमई इकाइयां स्थापित हुई हैं, जिनसे करीब 1.27 लाख युवाओं को रोजगार मिला है।
मुख्यमंत्री गुरुवार को हरिद्वार में आयोजित 7वें सीआईआई उत्तराखंड इंडस्ट्रियल समिट एंड एक्सपो-2026 में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हरिद्वार आध्यात्मिक नगरी के साथ-साथ उत्तराखंड के औद्योगिक विकास का भी प्रमुख केंद्र बनकर उभरा है। इस तरह के आयोजन उद्योग, व्यापार, निवेश और नवाचार को साझा मंच देने के साथ प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई गति देते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड को विकसित, आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त राज्य बनाने की दिशा में लगातार काम हो रहा है। सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी के विस्तार से प्रदेश में औद्योगिक एवं व्यावसायिक गतिविधियों के लिए बेहतर वातावरण तैयार हुआ है। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना, चारधाम सड़क परियोजना और बेहतर होती कनेक्टिविटी से लॉजिस्टिक्स व्यवस्था भी मजबूत हो रही है।
26 विभागों की 206 से अधिक सेवाएं ऑनलाइन
मुख्यमंत्री ने बताया कि निवेशकों और उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए ‘निवेश मित्र’ की व्यवस्था की गई है। सिंगल विंडो सिस्टम को मजबूत करते हुए 26 प्रमुख विभागों की 206 से अधिक सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराई जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि प्रदेश का युवा केवल नौकरी मांगने वाला नहीं, बल्कि दूसरों को रोजगार देने वाला बने। इसी उद्देश्य से स्टार्टअप और नवाचार को बढ़ावा दिया जा रहा है। उत्तराखंड स्टार्टअप नीति के तहत स्टार्टअप्स को वित्तीय सहयोग देने के लिए 200 करोड़ रुपये के वेंचर फंड की व्यवस्था की गई है।
खुरपिया में 1,002 एकड़ में मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर
धामी ने कहा कि ऊधमसिंह नगर के खुरपिया में करीब 1,002 एकड़ क्षेत्र में इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर विकसित किया जा रहा है। इससे निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। औद्योगिक विकास को केवल मैदानी क्षेत्रों तक सीमित न रखते हुए चमोली, पौड़ी और अल्मोड़ा में छोटे उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए विशेष औद्योगिक पार्क विकसित करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि छोटे उद्यमियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए हरिद्वार में फ्लैटेड फैक्ट्री विकसित की जा रही है। भविष्य में सेलाकुई और पंतनगर में भी ऐसी सुविधाएं विकसित करने की योजना है।
स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजार से जोड़ने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि पारंपरिक उत्पादों, हस्तशिल्प और स्थानीय उद्यमों को बड़े बाजार से जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। ‘एक जनपद, दो उत्पाद’ जैसी योजनाओं के जरिए स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। फार्मा, हर्बल, आयुष, इंजीनियरिंग और ऑटो-कंपोनेंट जैसे क्षेत्रों में उत्तराखंड तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य की उद्योग अनुकूल नीतियों को राष्ट्रीय स्तर पर भी मान्यता मिली है। बिजनेस रिफॉर्म एक्शन प्लान में उत्तराखंड को ‘टॉप अचीवर्स’ श्रेणी में स्थान मिला है। एक्सपोर्ट प्रिपेयर्डनेस इंडेक्स-2024 में भी राज्य ने अपनी श्रेणी में पहला स्थान प्राप्त किया है। मुख्यमंत्री ने उद्यमियों और निवेशकों से उत्तराखंड की संभावनाओं का लाभ उठाकर निवेश और रोजगार सृजन में भागीदार बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार उद्योगों को सुरक्षित वातावरण, पारदर्शी व्यवस्था, सरल प्रक्रियाएं और बेहतर निवेश अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
उद्योग देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़: प्रदीप बत्रा
कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि उद्योग देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। हरिद्वार में आयोजित यह इंडस्ट्री कार्यक्रम उत्तराखंड के औद्योगिक विकास को नया आयाम देगा। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए उद्योग जगत को गुणवत्ता और नवाचार के साथ आगे बढ़ना होगा।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने औद्योगिक इकाइयों की ओर से लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इससे पहले उन्होंने पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड पर प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे पुलिस जवानों से मुलाकात की। जवानों का हालचाल जानने के साथ उन्होंने प्रशिक्षण की जानकारी ली और उनका उत्साहवर्धन करते हुए पूरी लगन एवं समर्पण के साथ दायित्व निभाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में रानीपुर विधायक आदेश चौहान, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, शिवालिकनगर नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा, पूर्व मेयर मनोज गर्ग, पूर्व विधायक संजय गुप्ता, राज्य मंत्री आदेश सैनी, विक्रम भुल्लर, सीआईआई उत्तराखंड अध्यक्ष संजय अग्रवाल, वाइस चेयरमैन सौरव दास, इंडस्ट्री सेक्रेटरी विनय शंकर पांडे, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, सिडकुल के प्रबंध निदेशक सौरव गहवार, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर, सीआईआई उत्तराखंड निदेशक गौरव लांबा, चेयरपर्सन सोनिया, संदीप जैन सहित उद्योग एवं व्यापार जगत के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

