Search for:
  • Home/
  • Breaking News/
  • 18 घंटे में 20 दिन की दूधमुंही बच्ची बरामद

18 घंटे में 20 दिन की दूधमुंही बच्ची बरामद

Listen to this article

Kuldeep Khandelwal/ Niti Sharma/ Kaviraj Singh Chauhan/ Vineet Dhiman/ Anirudh vashisth/ Mashruf Raja / Anju Sandi

पुलिस ने महिला को भी पकड़ा

हरिद्वार। पंडित दीनदयाल पार्किंग के समीप परिवार के साथ रह रही 20 दिन की दूधमुंही बच्ची के अचानक लापता होने की सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। परिजनों की शिकायत पर कोतवाली नगर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। पुलिस की तत्परता के चलते बच्ची को महज 18 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार, 15 सितंबर को रामबाबू पुत्र बिरजू मुखिया, निवासी झुमरी, थाना पीपलाकोठी, जनपद मोतिहारी, बिहार ने चौकी रोड़ीबेलवाला में सूचना दी थी कि वह अपने परिवार के साथ पंडित दीनदयाल पार्किंग, ऊंचा पुल के नीचे रह रहा है। इसी दौरान सोना नाम की एक महिला उनकी 20 दिन की बच्ची को बिना बताए अपने साथ ले गई।

दूधमुंही बच्ची के लापता होने की सूचना को पुलिस ने गंभीरता से लिया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर कुन्दन सिंह राणा के नेतृत्व में तत्काल पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने संभावित स्थानों पर तलाश शुरू करने के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर महिला और बच्ची के संबंध में जानकारी जुटानी शुरू की।

लगातार किए गए प्रयासों के बाद पुलिस को सफलता मिली। पुलिस टीम ने चमकादड़ टापू से महिला सोना को बच्ची के साथ सकुशल बरामद कर लिया। बच्ची को सुरक्षित बरामद किए जाने के बाद पुलिस ने उसे उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बच्ची के सकुशल मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और हरिद्वार पुलिस की त्वरित कार्रवाई के लिए आभार जताया। पुलिस ने आरोपिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसका चालान कर दिया है।

Leave A Comment

All fields marked with an asterisk (*) are required