नैनीताल में भारी बारिश का असर, 154 मिमी बारिश, 40 मार्ग बाधित
Kuldeep Khandelwal/ Niti Sharma/ Kaviraj Singh Chauhan/ Vineet Dhiman/ Anirudh vashisth/ Mashruf Raja / Anju Sandi
20 परिवार सुरक्षित स्थान पर विस्थापित
कालाढूंगी में 102 और चोरगलिया में 154 मिमी वर्षा, आपदा में तीन जनहानि, 54 आंशिक और एक पूर्ण भवन क्षतिग्रस्त
नैनीताल। जिले में बारिश का दौर लगातार जारी है। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र की 1 सितंबर की शाम 6:45 बजे जारी दैनिक सूचना के अनुसार जनपद में पिछले 24 घंटे के दौरान कई क्षेत्रों में भारी बारिश दर्ज की गई। चोरगलिया में सर्वाधिक 154 मिमी, कालाढूंगी में 102 मिमी, खनस्यू में 62 मिमी, मुक्तेश्वर में 55.1 मिमी और हल्द्वानी-काठगोदाम में 50 मिमी वर्षा हुई। जिला प्रशासन के अनुसार बारिश और भूस्खलन के कारण जिले में कुल 40 मार्ग बाधित हैं। इनमें एक राष्ट्रीय राजमार्ग, छह राज्य मार्ग, दो मुख्य जिला मार्ग और 31 ग्रामीण मार्ग शामिल हैं। संबंधित विभागों की ओर से मार्गों को खोलने का काम जारी है।
कई प्रमुख मार्गों पर आवाजाही प्रभावित
बाधित मार्गों में ज्योलीकोट-भवाली-क्वारब, गर्जिया-बेतालघाट-खैरना, भलौन-सिमली अमोठा, धानाचूली-खनस्यू-ओखलकांडा, रानीबाग-खुटानी-पदमपुरी, भवाली बाईपास, काठगोदाम-हैड़ाखान, रामनगर-भण्डारपानी, रातीघाट-बुधलाकोट, भुजियाघाट-सूर्यागांव, बेतालघाट-रोपा, कोटाबाग-देवीपुरा और अन्य ग्रामीण मार्ग शामिल हैं। प्रशासन के मुताबिक अधिकांश मार्गों के 1 सितंबर को ही खोले जाने की संभावित तिथि दर्ज की गई है, जबकि संबंधित खंडों द्वारा मौके पर मार्ग खोलने की कार्रवाई की जा रही है।
20 परिवारों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया
तहसील नैनीताल के अंतर्गत अलचौना पाण्डेछोर गांव के ककड़िया नाले में अत्यधिक मलबा और पानी आने से आवासीय भवनों तथा गौशालाओं के प्रभावित होने की सूचना है। सुरक्षा को देखते हुए यहां निवासरत 20 प्रभावित परिवारों को उनके मवेशियों सहित गांव में ही सुरक्षित स्थान पर विस्थापित किया गया है।
आपदा में तीन जनहानि, 54 आंशिक भवन क्षतिग्रस्त
दैनिक क्षति सूचना के अनुसार जिले में अब तक तीन जनहानि, 54 आंशिक भवन और एक पूर्ण भवन क्षतिग्रस्त हुआ है। इसके अलावा दो पशुहानि और तीन गौशालाओं को नुकसान की सूचना दर्ज की गई है।
बैराजों का डिस्चार्ज भी बढ़ा
रिपोर्ट के अनुसार सुबह 9:30 बजे तक गौला बैराज से 49,638 क्यूसेक, कोसी बैराज से 24,986 क्यूसेक और नंधौर से 6,110 क्यूसेक डिस्चार्ज दर्ज किया गया। प्रशासन ने बताया कि गौला बैराज में चेतावनी स्तर 27,576 क्यूसेक और खतरे का स्तर 41,364 क्यूसेक है। वहीं कोसी बैराज का चेतावनी स्तर 51,786 और खतरे का स्तर 76,998 क्यूसेक है। नंधौर नदी में चेतावनी स्तर 10,000 और खतरे का स्तर 35,075 क्यूसेक निर्धारित है। विद्युत और पेयजल आपूर्ति को फिलहाल सामान्य बताया गया है। जिला प्रशासन और संबंधित विभाग हालात पर नजर बनाए हुए हैं तथा बाधित मार्गों को खोलने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।

