एटीएम बदलकर ठगी करने वाले दो आरोपित गिरफ्तार
Kuldeep Khandelwal/ Niti Sharma/ Kaviraj Singh Chauhan/ Vineet Dhiman/ Anirudh vashisth/ Mashruf Raja / Anju Sandi
हरिद्वार। ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी कार्रवाई करते हुए एटीएम कार्ड बदलकर खाते से रकम निकालने के आरोप में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियतों के कब्जे से पीड़ित का एटीएम कार्ड समेत कुल आठ एटीएम कार्ड, एक आधार कार्ड, 8,500 रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त स्कॉर्पियो बरामद की है।
मामला 23 अगस्त का है। मोहल्ला कड़छ, ज्वालापुर निवासी महेंद्र सिंह ने कोतवाली ज्वालापुर में तहरीर देकर बताया था कि कटहरा बाजार स्थित एचडीएफसी बैंक के एटीएम पर अज्ञात व्यक्तियों ने उनका एटीएम कार्ड छीन लिया और मौके से फरार हो गए। इसके बाद उनके खाते से 13,200 रुपये निकाल लिए गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने प्रभारी निरीक्षक ज्वालापुर को तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी और घटना के खुलासे के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस टीमों का गठन कर घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। साथ ही मुखबिर तंत्र सक्रिय करते हुए संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ और लगातार चेकिंग अभियान चलाया गया।
इसी दौरान पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान काले रंग की एक स्कॉर्पियो को रोका। वाहन में दो संदिग्ध व्यक्ति बैठे मिले। पुलिस के अनुसार दोनों एटीएम संबंधी वारदातों में संदिग्ध प्रतीत हो रहे थे। पूछताछ के दौरान दोनों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने उन्हें मौके पर ही दबोच लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपितों ने 23 अगस्त को प्रतापगढ़, उत्तर प्रदेश से हरिद्वार आकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
तलाशी के दौरान उनके कब्जे से पीड़ित का एटीएम कार्ड, सात अन्य एटीएम कार्ड, एक आधार कार्ड और 8,500 रुपये नकद बरामद हुए। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान शाहनूर पुत्र भूरान, निवासी जलालपुर दादा, थाना भगवानपुर, हरिद्वार और शफीक पुत्र रईस, निवासी ग्राम महुली, थाना कोतवाली नगर, जनपद प्रतापगढ़, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक शाहनूर पूर्व में एनडीपीएस एक्ट के मामले में जेल जा चुका है, जबकि शफीक चोरी के मामले में पूर्व में जेल जा चुका है। पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ विधिक कार्यवाही करते हुए उनका चालान कर दिया।

