मां की हत्या की खौफनाक साजिश!
Kuldeep Khandelwal/ Niti Sharma/ Kaviraj Singh Chauhan/ Vineet Dhiman/ Anirudh vashisth/ Mashruf Raja / Anju Sandi
सौतेली बेटी ने प्रेमी संग मिलकर रची वारदात, 18 घंटे में खुलासा, बेटी और प्रेमी गिरफ्तार
हरिद्वार। जिले की मंगलौर कोतवाली क्षेत्र में गंगनहर किनारे मिले अज्ञात महिला के शव के मामले का पुलिस ने महज 18 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस के मुताबिक हत्या की साजिश मृतका की सौतेली बेटी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर रची थी एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि मंगलवार 18 अगस्त को गंगनहर किनारे एक अज्ञात महिला का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी। महिला के गले पर धारदार हथियार से चोट के निशान थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त के प्रयास शुरू किए और उसे सिविल अस्पताल रुड़की की मोर्चरी में रखवाया।
एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर मामले के शीघ्र खुलासे के लिए पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच के दौरान पुलिस को अहम सुराग मिले। पुलिस के अनुसार मृतका की सौतेली बेटी का एक युवक से प्रेम प्रसंग था, जिसे उसकी मां पसंद नहीं करती थी। मां द्वारा लगातार समझाने से नाराज बेटी ने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।
जांच में सामने आया कि सौतेली बेटी अपने प्रेमी के साथ महिला को मंदिर जाने की बात कहकर ब्रेजा कार में लेकर निकली थी। पुलिस के मुताबिक रास्ते में दोनों ने महिला पर हमला कर उसकी हत्या कर दी और शव को मंगलौर गंगनहर पुल के पास ठिकाने लगाने का प्रयास किया। हालांकि शव नहर किनारे ही अटक गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मृतका की सौतेली बेटी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

