Search for:
  • Home/
  • Breaking News/
  • सावन की शिवरात्रि पर वर्षों से बंद पड़े बसंत भवन के शिव मंदिर में हुई पूजा अर्चना

सावन की शिवरात्रि पर वर्षों से बंद पड़े बसंत भवन के शिव मंदिर में हुई पूजा अर्चना

Listen to this article

Kuldeep Khandelwal/ Niti Sharma/ Kaviraj Singh Chauhan/ Vineet Dhiman/ Anirudh vashisth/ Mashruf Raja / Anju Sandi

मेयर किरण जैसल ने विधि-विधान से किया भगवान शिव का रुद्राभिषेक

मंदिर में प्रतिदिन नियमित रूप से होगी पूजा-अर्चना और आरती-किरण जैसल

हरिद्वार। सावन की शिवरात्रि के पावन अवसर पर वर्षों से बंद पड़े बसंत भवन स्थित प्राचीन शिव मंदिर के कपाट पुनः पूजा-अर्चना के लिए खोले गए। इस अवसर पर मेयर किरण जैसल ने मंदिर पहुंचकर विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान शिव का रुद्राभिषेक किया। मेयर किरण जैसल ने भगवान शिव का जल, दूध, दही, शहद एवं अन्य पूजन सामग्री से अभिषेक कर विधिवत पूजा की।

उन्होंने कहा कि सावन की शिवरात्रि भगवान शिव की आराधना के लिए विशेष महत्व रखती है। ऐसे पावन अवसर पर लंबे समय से बंद पड़े मंदिर में दोबारा पूजा-अर्चना का शुभारंभ होना सभी के लिए हर्ष और आस्था का विषय है। उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्व वाले स्थलों की देखरेख और वहां नियमित पूजा-अर्चना की व्यवस्था सुनिश्चित करना आवश्यक है। बसंत भवन स्थित शिव मंदिर में लंबे समय से पूजा बंद होने के कारण श्रद्धालुओं में भी इसे लेकर भावना थी।

अब मंदिर में नियमित रूप से पूजा-अर्चना शुरू होने से क्षेत्रवासियों को भगवान शिव के दर्शन एवं पूजा का अवसर मिलेगा। मेयर ने बताया कि अब बसंत भवन के शिव मंदिर में प्रतिदिन नियमित पूजा-अर्चना और आरती की जाएगी। श्रद्धालु प्रतिदिन मंदिर में पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक एवं पूजन कर सकेंगे। सावन के दौरान मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना का भी आयोजन किया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को धार्मिक वातावरण में भगवान शिव की आराधना करने का अवसर प्राप्त होगा।

मेयर किरण जैसल ने सभी श्रद्धालुओं को सावन की शिवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए भगवान भोलेनाथ से सभी के जीवन में सुख, शांति, स्वास्थ्य एवं समृद्धि प्रदान करने की प्रार्थना की। इस अवसर पर पार्षद महावीर वशिष्ठ, सूर्यकांत शर्मा, आकाश भाटी, अनिल वशिष्ठ, पार्षद प्रतिनिधि विदित शर्मा, पूर्व पार्षद अनिरुद्ध भाटी, वरिष्ठ भाजपा नेता बृजभूषण विद्यार्थी, डा.प्रेमप्रकाश सतलेवाल, मयंक मूर्ति भट्ट, शिवकुमार कश्यप, अजय अरोड़ा, ऋषभ वशिष्ठ आदि सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्त मौजूद रहे।

Leave A Comment

All fields marked with an asterisk (*) are required