अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह ध्वस्त
Kuldeep Khandelwal/ Niti Sharma/ Kaviraj Singh Chauhan/ Vineet Dhiman/ Anirudh vashisth/ Mashruf Raja / Anju Sandi
17 चोरी के दोपहिया वाहन बरामद, तीन शातिर चोर गिरफ्तार
हरिद्वार। हरिद्वार पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देशन में कोतवाली गंगनहर पुलिस ने तीन शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के 17 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। बरामद वाहनों में गंगनहर और कनखल थाना क्षेत्र से चोरी हुई मोटरसाइकिलें भी शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार जनपद में लगातार बढ़ रही वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सभी थाना प्रभारियों को विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में गंगनहर पुलिस ने मुखबिर तंत्र, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और सघन सुरागरसी के आधार पर कार्रवाई करते हुए सालियर चेक पोस्ट पर तीन संदिग्ध युवकों को रोककर पूछताछ की। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपियों ने वाहन चोरी की घटनाओं का खुलासा किया।
आरोपियों की निशानदेही पर शाहपुर रुड़की स्थित जियाउलहक के आम के बाग के पास एक खंडहर से चोरी के कुल 17 दोपहिया वाहन बरामद किए गए। इनमें कोतवाली गंगनहर में दर्ज चार मुकदमों से संबंधित चार मोटरसाइकिल, कोतवाली कनखल के एक मुकदमे से संबंधित एक मोटरसाइकिल तथा अन्य 12 चोरी के वाहन शामिल हैं।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी हरिद्वार जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों से मोटरसाइकिलें चोरी कर उन्हें सुनसान स्थान पर छिपाकर रखते थे और बाद में बेचने की फिराक में थे। बरामदगी के आधार पर आरोपियों के खिलाफ धारा 317(2), 317(5), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) तथा धारा 35/106 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई बढ़ाई गई है। तीनों आरोपियों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया।
गिरफ्तार आरोपी के नाम पते
विपिन पुत्र समय सिंह (23), निवासी छापुरशेर अफगानपुर, थाना भगवानपुर, आशु कुमार पुत्र अनिल कुमार (24), निवासी हबीबपुर निवादा, थाना कलियर व शौकीन पुत्र शकीर (38), निवासी सिकंदरपुर, थाना भगवानपुर, हरिद्वार बताए गए हैं।

