जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में चला पंतद्वीप मैदान में सफाई अभियान
Kuldeep Khandelwal/ Niti Sharma/ Kaviraj Singh Chauhan/ Vineet Dhiman/ Anirudh vashisth/ Mashruf Raja / Anju Sandi
अभियान में आपदा प्रबंधन, जल निगम, नगर निगम,सामाजिक संस्थाए हुई शामिल
हरिद्वार। हरिद्वार तीर्थनगरी मे सोमवती अमावस्या स्नान सकुशल सम्पन्न होने के बाद शहर भर में व्यापक स्तर पर सफाई अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पंतद्वीप मैदान में वृहद स्तर पर सफाई अभियान चलाया गया, जोकि रविवार को भी जारी रहेगा। इस दौरान जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी एवं स्वच्छता अभियान संयोजक मीरा रावत ने बताया कि जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के कुशल नेतृत्व एवं निर्देशन में जनपद में सफाई अभियान निरंतर चलाया जा रहा है। सोमवती अमावस्या के अवसर पर हुई गंदगी को साफ करने के लिए आज से शुरू हुए दो दिवसीय विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है।
इस अभियान को सफल बनाने के लिए सभी की सहभागिता के लिए जिलाधिकारी ने सभी सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, धार्मिक संस्थानों, सभी सरकारी, गैर सरकारी संस्थाओं, संत समाज, व्यापार मंडल, पत्रकारों, जनप्रतिनिधियों, उद्योगिक इकाइयों एवं आमजनमानस से इस अभियान में शामिल होकर सहयोग करने की अपील की गई है। जिससे कि जनपद हरिद्वार को साफ स्वच्छ एव सुंदर बनाया जा सके।
इस अभियान के दौरान पंतद्वीप मैदान एवं आसपास के क्षेत्रों में फैले कूड़े-करकट को हटाकर पूरे क्षेत्र को साफ-सुथरा एवं व्यवस्थित बनाया गया। इस कार्य में आपदा प्रबंधन विभाग, जल निगम, नगर निगम एवं विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई और श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया। इस अवसर पर उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, अधिशासी अभियंता जल संस्थान राजेश गुप्ता, सफाई निरीक्षक संजय शर्मा सहित नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

