Search for:
  • Home/
  • Accident/
  • दर्दनाक हादसे में मस्जिद जा रहे सेवादार की ट्रक से कुचल कर मौत

दर्दनाक हादसे में मस्जिद जा रहे सेवादार की ट्रक से कुचल कर मौत

Listen to this article

Kuldeep Khandelwal/ Niti Sharma/ Kaviraj Singh Chauhan/ Vineet Dhiman/ Anirudh vashisth/ Mashruf Raja / Anju Sandi

हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में मस्जिद जा रहे बुजुर्ग सेवादार की ट्रक से कुचलकर मौत हो गई। हादसे की पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रक चालक गूगल मैप के सहारे रास्ता खोजते हुए गलती से ज्वालापुर की संकरी गलियों में पहुंच गया था।

जानकारी के अनुसार, घटना मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे की है। ज्वालापुर स्थित अंसारी मार्केट के पास हुसैनिया मस्जिद में सेवा करने वाले करीब 75 वर्षीय नूर मोहम्मद उर्फ नूरा रोजाना की तरह सुबह नमाज और मस्जिद की सेवा के लिए जा रहे थे। इसी दौरान एक ट्रक बाजार क्षेत्र में पहुंच गया। बताया जा रहा है कि चालक रास्ता समझने के लिए ट्रक को बैक कर रहा था, इस दौरान उसकी नजर पीछे चल रहे बुजुर्ग पर नहीं गई और वह ट्रक की चपेट में आ गया।

वायरल वीडियो के मुताबिक, ट्रक का पिछला हिस्सा पहले बुजुर्ग से टकराया, जिससे वह सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद ट्रक का पहिया उनके ऊपर से गुजर गया। मौके पर ही बुजुर्ग की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया, हालांकि पुलिस ने कुछ ही देर बाद उसे पकड़कर हिरासत में ले लिया। पुलिस जांच में सामने आया है कि ट्रक चालक उत्तर प्रदेश के पीलीभीत का निवासी है और वह गूगल मैप के जरिए हरिद्वार में अपना रास्ता तलाश रहा था। इसी दौरान वह मुख्य हाईवे छोड़कर गलती से ज्वालापुर के अंदरूनी बाजार क्षेत्र में पहुंच गया। संकरी गलियों में वाहन मोड़ने और वापस निकालने के दौरान यह हादसा हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेते हुए चालक से पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave A Comment

All fields marked with an asterisk (*) are required