गुलदार की खाल के साथ एक तस्कर गिरफ्तार
Kuldeep Khandelwal/ Niti Sharma/ Kaviraj Singh Chauhan/ Vineet Dhiman/ Anirudh vashisth/ Mashruf Raja / Anju Sandi
चल्थी में गुलदार की खाल के साथ तस्कर गिरफ्तार, एसओजी व वन विभाग की संयुक्त कार्रवाई, एक आरोपी दबोचा
जनपद में वन्य जीव तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती रेखा यादव के निर्देशन में एसओजी और वन विभाग की संयुक्त टीम ने चल्थी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक गुलदार (तेंदुए) की खाल के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
क्षेत्राधिकारी टनकपुर सुश्री वंदना वर्मा के पर्यवेक्षण में एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक कमलेश भट्ट के नेतृत्व में टीम ने क्षेत्र में सघन चेकिंग और सुरागरसी अभियान चलाया। इसी दौरान तल्ली खटोली निवासी ईश्वर राम उर्फ दीपक (43) को एक गुलदार की लगभग 162 सेंटीमीटर लंबी खाल के साथ धर दबोचा गया।
बरामद खाल की उम्र करीब दो वर्ष बताई जा रही है। आरोपी के कब्जे से एक ओप्पो मोबाइल फोन और 540 रुपये नगद भी बरामद हुए हैं। मामले में रेंज कार्यालय सुखीढांग में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि करीब डेढ़ वर्ष पूर्व जंगली जानवरों को पकड़ने के लिए लगाए गए फंदे में गलती से एक गुलदार फंस गया था, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद उसने अपने रिश्तेदार चंदन राम के साथ मिलकर उसकी खाल निकाल ली थी। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

