हरिद्वार: रिंग रोड के धीमे निर्माण पर कुंभ मेलाधिकारी और आईजी सख्त, काम तेज करने के निर्देश
कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर मेला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सख्त हो गया है। इसी क्रम में मेलाधिकारी सोनिका और आईजी कुंभ डॉ. योगेंद्र सिंह रावत ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) और पुलिस अधिकारियों के साथ निर्माणाधीन बहादराबाद-जगजीतपुर-कांगड़ी रिंग रोड का संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य की धीमी गति और कम संख्या में श्रमिकों पर अधिकारियों ने कड़ी नाराजगी जताई।
निरीक्षण में पाया गया कि इब्राहिमपुर रौ, एक्कड़ आरओबी और जगजीतपुर साइटों पर पुलों व पहुंच मार्गों का निर्माण कार्य अभी तक पूरा नहीं हुआ है। आगामी कुंभ मेले के यातायात प्लान के सफल संचालन के लिए इस रिंग रोड का समय से तैयार होना बेहद जरूरी है। इसे देखते हुए मेलाधिकारी, आईजी कुंभ और एसएसपी कुंभ आयुष अग्रवाल ने एनएचएआई के अधिकारियों को कड़ी हिदायत दी कि सड़क निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए।
अधिकारियों ने निर्देश दिए कि कार्यस्थल पर श्रमिकों और उपकरणों की संख्या तुरंत बढ़ाई जाए तथा दिन और रात दोनों शिफ्टों में कार्य जारी रखा जाए। साथ ही, एक्कड़ आरओबी, इब्राहिमपुर रौ और जगजीतपुर साइटों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए हैं, जिनका एक्सेस मेला प्रशासन के पास रहेगा ताकि 24 घंटे कार्यों की ऑनलाइन निगरानी की जा सके। इस संयुक्त निरीक्षण के दौरान अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, अपर पुलिस अधीक्षक राजेश भट्ट सहित मेला एवं पुलिस प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

